फिरोजपुर शहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा से सॉफ्टवेयर के माध्यम से किसी व्यक्ति ने 15 करोड़ 47 लाख 46 हजार 177 रुपये की धनराशि चुरा ली। थाना सिटी पुलिस ने शनिवार को बैंक अधिकारी की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारी अजय गौतम निवासी एससीएफ फेस-पांच मोहाली ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी फिरोजपुर शहर स्थित आईसीआईसीआई बैंक ब्रांच के सॉफ्टवेयर के माध्यम किसी व्यक्ति ने 15 करोड़ 47 लाख 46 हजार 177 रुपये की धनराशि चुरा ली है।
विभागीय जांच में अभी तक यह सामने नहीं आया है कि यह धनराशि किसने निकाली है। मामले की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में बैंक के ही किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे सॉफ्टवेयर की पूरी जानकारी हो। इस मामले में विभाग के ही कई मुलाजिम शक के दायरे में हैं, लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उधर, एसपी (गुप्तचर) रणधीर कुमार का कहना है कि आईसीआईसीआई बैंक अधिकारियों की ओर से एक शिकायत मिली है। मामले की अभी जांच की जा रही है। अभी तक तो यही पता चला है कि किसी ने सॉफ्टवेयर के माध्यम से धनराशि चुराई है। पुलिस ने फिलहाल बैंक के अधिकारी अजय गौतम की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज किया है।