चंडीगढ़ के प्रशासक के नवनियुक्त सलाहकार राजीव वर्मा को रविवार को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की जिम्मेदारी भी दी गई है। इससे पहले यह जिम्मेदारी गृह सचिव नितिन कुमार यादव के पास थी। बता दें कि जो प्रशासक का सलाहकार होता है, उसे चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर की जिम्मेदारी दी जाती है। कुछ सालों से यह प्रथा चल रही है। हालांकि इससे पहले चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड का अलग सीईओ होता था।
पिछले सोमवार को ही 1992 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव वर्मा को चंडीगढ़ में प्रशासक के नए सलाहकार के तौर पर नियुक्त किया गया था। चंडीगढ़ के पूर्व एडवाइजर धर्मपाल 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हो गए थे। तब से यह शीर्ष पद खाली चल रहा था। इस दौरान यूटी के गृह सचिव नितिन कुमार यादव सलाहकार का प्रभार देख रहे थे।
आईएएस राजीव वर्मा मूलत: उत्तर प्रदेश के हैं। इससे पहले पुड्डूचेरी में बतौर मुख्य सचिव नियुक्त थे। वह कंप्यूटर साइंस में एमटेक हैं। उन्होंने स्नातक यूनिवर्सिटी ऑफ रुड़की से की है। 2022 में पुड्डूचेरी में नियुक्ति से पहले राजीव वर्मा नई दिल्ली में प्रधान सचिव और वित्तायुक्त के पद पर रह चुके हैं। जानकारी के अनुसार उन्होंने 2013 से 2017 तक रक्षा विभाग में बतौर संयुक्त सचिव और 2012 से 2013 तक चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक और परिवहन सचिव के तौर पर भी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वह गोवा में संयुक्त सचिव खेल एवं स्वाथ्य और सचिव उर्जा भी रह चुके हैं।