चंडीगढ़। सड़क हादसे में सोमवार रात को जान गंवाने वाले 27 साल के मृतक अंकित की आखरी बार अपनी मां से बात हुई थी। मां ने बेटे से पूछा था कि वह घर कब तक आएगा। उसने कहा था कि खाना बनाकर रखो। रात को बर्थडे सेलिब्रेट करना था।
उसे अपने जन्मदिन की तैयारी करनी थी, तभी उसका एक्सीडेंट हो गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। अंकित की एक शादीशुदा बहन और एक भाई है। भाई लुधियाना में नौकरी करता है। मौत की सूचना मिलने के बाद सबसे पहले अंकित के जीजा और बहन अस्पताल पहुंचे। अंकित के भाई का रो रोकर बुरा हाल है। अंकित के भाई अरुण ने कहा कि इससे पहले कभी उसका एक्सीडेंट नहीं हुआ था। उसके पिता सरकारी विभाग से रिटायर्ड हैं।
अरुण ने बताया कि उनकी मां ने अंकित को 7 बजे करीब कॉल की थी और पूछा था कि वह कब तक घर आएगा। परिजनों ने मंगलवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। अंकित परिवार के साथ पहले सेक्टर-28 में रहते थे, लेकिन अब नया गांव स्थित दशमेश नगर रह रहे थे।
एक हफ्ता पहले लगी थी अंकित की नौकरी
मृतक के भाई ने रोते हुए बताया कि अंकित की एक हफ्ता पहले सेक्टर-34 में नौकरी लगी थी। उसकी ऑडिट की ड्यूटी थी। अंकित के कजन अंकुर ने बताया कि वह नौकरी के चलते लुधियाना था। उसकी सोमवार को फोन पर बात हुई थी। उसे क्या पता था कि यह आखरी बार बात हो रही है। अंकुर ने बताया कि जहां उसका भाई का एक्सीडेंट हुआ वहां से उनका कजन भाई इंदिरा कॉलोनी निवासी अंकुश भी गुजर रहा था, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसका भाई का ही एक्सीडेंट हुआ है।