शहीद परमजीत के अंतिम अरदास में पहुंचे सैकड़ों लोग
जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए नायब सूबेदार परमजीत सिंह के गांव वंईपुंई में श्री अखंड पाठ का भोग डाल अंतिम अरदास की गई। बुधवार आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के हलका खडूर साहिब से विधायक रमनजीत सिंह सिक्की, आम आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान, सांसद रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, कुल्लू के डीसी यूनुस खान, तरनतारन के डीसी डीपीएस खरबंदा, एसजीपीसी मेंबर गुरबचन सिंह करमूवाला, पूर्व सेहत मंत्री लक्ष्मीकांता चावला, जथेदार ध्यान सिंह मंड, आप के सीनियर नेता भुपिंदर सिंह बिट्टू, डॉ.कश्मीर सिंह सोहल सहित राजनीतिक व धार्मिक लोगों के साथ-साथ आसपास गांवों के सैंकड़ों लोगों ने शिरकत की। सभी ने शहीद को एक साथ श्रद्धांजलि दी।
गांव में स्मारक बनाने के लिए पांच लाख
इस मौके पर एसजीपीसी सदस्य गुरबचन सिंह करमूवाला ने शहीद के परिवार को दो लाख रुपये और बेटे साहिलदीप सिंह को दस्तार भेंट की। जबकि सांसद रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने गांव में शहीद की याद में स्मारक बनाने के लिए पांच लाख रुपये देने का ऐलान किया। इस मौके लक्ष्मीकांता चावला, कुल्लू के डीसी यूनुस खान ने भी शहीद के भाई रणजीत सिंह, पिता ऊधम सिंह, मां जोगिंदर कौर, शहीद की पत्नी परमजीत कौर, बेटी सिमरनदीप कौर (15), खुशदीप कौर (12), बेटा साहिलदीप सिंह (12) से मुलाकात की।