हाल ही में आए पंजाब स्कूल ऐजूकेशन बोर्ड की बाहरवीं कक्षा के नतीजों पर अफसोस जताते हुए विधानसभा में आम आदमी पार्टी की ओर से विपक्ष के नेता एचएस फूलका ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री व बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान आरोप लगाया कि हरसिमरत बादल ने नन्हीं छांव मुहिम पर बढ़ी धनराशि खर्च कर दी, अगर उसका चौथा हिस्सा अपने हल्के की गरीब लड़कियों को शिक्षा दिलाने पर खर्च किया होता तो शायद आज यह हाल नहीं होना था।
फूलका बाहरवीं कक्षा के आए नतीजों में उन स्कूलों की बात कर रहे थे, जहां पर दस फीसदी से भी कम नतीजे आए हैं। बठिंडा के एक स्कूल का जिकर करते हुए फूलका ने कहा कि यहां सात लड़कियां बाहरवीं कक्षा में पढ़ती थीं, वह सभी फेल हो गईं।
इसका असली कारण जानने के लिए न तो सांसद और न ही शिक्षा विभाग का कोई अधिकारी खराब परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों में आज तक पहुंचा। उन्होंने बताया कि उन्होंने मोगा के गांव घोलियां व घोलियां खुर्द के स्कूलों का हाल जाना, तो पता चला कि उक्त स्कूलों में पढ़ते 53 बच्चों में से 2 पास और 23 बच्चों में से एक बच्चा पास हुआ है।