रिकॉर्ड गर्मी से बचने के लिए छात्राओं ने कुछ यूं उपाय किए।
- फोटो : amar ujala
रात के तापमान ने पिछले तीन साल के रिकार्ड तोड़ दिए। अब रिकार्ड बनाती गर्मी से 23 के बाद ही मिलेगी राहत। बुधवार रात के तापमान ने पिछले तीन साल के रिकार्ड तोड़ दिए। बुधवार को न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा है।
इससे पहले साल 2013 में 28 मई की रात को 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान नोट किया गया था। हालांकि वीरवार को दिन का तापमान बुधवार के मुकाबले कम दर्ज किया गया है। वीरवार को दिन का तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था, जबकि बुधवार को दिन का तापमान 43.1 डिग्री था। बुधवार का तापमान अब तक के सीजन का सबसे ज्यादा था।
चल सकती है लू
मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को एक बार फिर से दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। दिन का तापमान 43 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। विभाग ने बताया है कि चंडीगढ़ सहित हरियाणा व पंजाब के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। लोगों को गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं। शनिवार को मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रात के वक्त बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे तापमान में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
23 के बाद ही कुछ राहत मिलने की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि गर्मी से अगले दो से तीन दिन में राहत के कोई आसार नहीं है। गर्मी से थोड़ी राहत 23 मई के बाद ही मिल सकती है। कुछ पहाड़ी भागों में बारिश हो सकती है, इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार को दिन का तापमान 43 डिग्री जबकि रात का तापमान 29 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। शनिवार को दिन का तापमान 42 डिग्री और रात का तापमान 28 डिग्री तक दर्ज किए जाने की संभावना जताई गई है।