टोल फीस के बोझ से यूं तो सारा पंजाब प्रभावित है, पर होशियारपुर के लोग इससे सबसे ज्यादा परेशान हैं। आए दिन होशियारपुर के लोगों को कई बार चंडीगढ़ आना पड़ता है।
सरकारी दफ्तरों के मुख्यालयों से लेकर पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ में है। पर यह सफर उन्हें बहुत मंहगा पड़ता है। होशियारपुर से चंडीगढ़ के महज 137 किलोमीटर के सफर में लोगों को चार-चार टोल प्लाजा पर रुकना पड़ता है।
एक कार की एक तरफ की कुल टोल फीस 177 रुपये है। होशियारपुर से चलने के बाद सबसे पहले गढ़शंकर-होशियारपुर सेक्शन पर नंगल शहीदां में टोल प्लाजा है।
जहां कार की एक तरफ की टोल फीस 51 रुपये लगती है। इसके बाद बलाचौर-गढ़शंकर सेक्शन पर माजरी में टोल प्लाजा है, यहां भी कार की एक तरफ की टोल फीस 51 रुपये है।
टोल बचाने के चक्कर में छोटे शहरों पर बोझ
इसके बाद रोपड़-बलाचौर सेक्शन पर काठगढ़ में टोल प्लाजा है। जहां कार के एक तरफ के 34 रुपये देने पड़ते हैं। आखिर में रोपड़-कुराली सेक्शन पर सोलखियां में टोल प्लाजा है, जहां कार की टोल फीस 41 रुपये लगती है।
होशियारपुर से चंडीगढ़ जाने वाले लोगों ने टोल के चक्कर से निकलने का नया रास्ता निकाल लिया है। पर उसका खामियाजा छोटे शहरों को भुगतना पड़ रहा है।
होशियारपुर से चलने के बाद बहुत से लोग नंगल शहीदां स्थित पहले टोल प्लाजा पर रुकते हैं। उसके बाद बलाचौर जाने के बजाय वे नवांशहर आ जाते हैं। यहां से भी वह रोपड़ जाने के बजाय राहों की तरफ मुड़ जाते हैं। वहां से राहों, माछीवाड़ा, समराला और खरड़ होते हुए चंडीगढ़ चले जाते हैं।
जानिए कितना देना पड़ता है टोल
इस तरह वह चार में से तीन टोल प्लाजा से बच जाते हैं। इस रास्ते में दूरी थोड़ी ज्यादा है, पर टोल फीस काफी बच जाती है। वहीं, इसके चलते नवांशहर, राहों जैसे छोटे शहरों में ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है।
होशियारपुर टु चंडीगढ़
टोल ------- कार - एलसीवी - बस
नंगल शहीदां -- 51 --- 78 --- 154
माजरी ------ 51 --- 78 --- 154
काठगढ़ ----- 34 --- 51 --- 101
सोलखियां ---- 41 --- 72 --- 143