पंजाब के तीन अलग-अलग हादसों में एक महिला समेत 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में एक ही परिवार के 3 लोग भी हैं। पहला हादसा मलोट हलके के गांव जंडवाला के पास हुआ।
वीरवार सुबह ऑल्टो कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका बेटा शामिल है। रामपुरा फूल का राधे श्याम (55), उसकी पत्नी वीना रानी (54) और बेटा गौरव कुमार मलोट अपनी रिश्तेदारी में शादी में गए थे।
वीरवार सुबह बारात बठिंडा से वापस मलोट लौट रही थी। इस दौरान सुबह करीब साढ़े छह बजे बठिंडा रोड पर गांव जंडवाला के पास बठिंडा की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के ट्रैक्टर का स्पैंडल टूट गया। इससे ट्रैक्टर बेकाबू होकर सामने से आ रही ऑल्टो कार से टकरा गया।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार सवार उक्त तीनों लोगों की मौत हो गई। मामले की जांच कर रहे मुंशी जसविंदर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक गेजा सिंह निवासी जलालाबाद मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
उधर गिद्दड़बाहा के हुस्नर चौक में वीरवार दोपहर बाद ऑल्टो कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बलवंत सिंह (40) निवासी गुरुसर के रूप में हुई है। हादसे में कार और मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।