कहा- भाजपा सरकार में बढ़ रहा नशे का कारोबार, सतर्कता बरतें अभिभावक व आमजन
-5 साल में 15 लाख लोग नशे का इलाज करवाने अस्पताल व नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि दूध-दही के खाने वाले हरियाणा को भाजपा ने ड्रग्स, अफीम, चिट्टा, हेरोइन, ब्राउन शुगर, स्मैक, चरस, गांजा, कोकीन, भांग और सुल्फा का अड्डा बना दिया है। जब से भाजपा प्रदेश की सत्ता में आई है, नशा कारोबारी बेखौफ होकर अपना नेटवर्क पूरे प्रदेश में फैला चुके हैं। आज प्रदेश के हर गांव, गली व मोहल्ले तक नशा पहुंच गया है।
हुड्डा का कहना है कि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से दिसंबर 2023 में राज्यसभा में रिपोर्ट पेश की गई। इसके मुताबिक हरियाणा में नशा करने वाले 16.51 फीसदी लोग अफीम और उससे बने नशीले पदार्थ, यहां तक की हेरोइन और चिट्टा का इस्तेमाल करते हैं। 11 फीसदी लोग नशे के लिए गांजा, भांग और चरस इस्तेमाल करते हैं। 5 फीसदी लोग नींद के लिए ली जाने वाली नशीली दवाइयां और बड़ी मात्रा में लोग कोकीन का भी इस्तेमाल करते हैं। केंद्रीय मंत्रालय के मुताबिक अब हरियाणा के किशोर भी भांग, गांजा, चरस, अफीम, हेरोइन और कोकीन जैसे नशे के चंगुल में फंसते जा रहे हैं। इतना ही नहीं, बड़ी तादाद में किशोरों को नशा तस्करी के कारोबार में भी धकेला जा रहा है। हुड्डा ने कहा कि अस्पतालों व नशा मुक्ति केंद्रों में पहुंचे ज्यादातर मरीज पंजाब व राजस्थान के साथ लगते जिलों से हैं। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी भी नशे के बढ़ते साम्राज्य की एक वजह है।