होंडा सीटी कार से लाखों रुपये की नकदी चुनाव आयोग के ड्यूटी मजिस्ट्रेट और उनकी टीम ने कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड पर स्थित गांव खोखर मोड़ पर नाका लगाकर बरामद किए हैं।
ये नकदी कहां जा रही थी, इसका स्पष्ट उत्तर कार में सवार व्यक्ति ने टीम को नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने नोटों से भरा काले रंग का बैग कब्जे में ले लिया।
ये करेंसी नोट कुरुक्षेत्र सेक्टर-17 स्थित जिला आयकर विभाग के दफ्तर में लाए गए। यहां जिला आयकर विभाग के अधिकारी मायाराम ने आरोपी व्यक्ति के बयान लिए।
वहीं ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरपी अग्रवाल ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि जिस व्यक्ति की गाड़ी से नकदी बरामद की है वह पूछताछ के दौरान कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया।
टीम को शक है कि ये नकदी चुनाव में उपयोग रहे कालेधन को खर्च करने से जुड़ा मामला भी हो सकता है। लाडवा विधानसभा चुनाव एसएसटी के एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट श्यामलाल गुप्ता एवं आरपी अग्रवाल की टीम ने गांव खोखर के पास नाका लगाकर कई वाहनों की जांच की थी।
जांच के दौरान खोखर मोड़ पर होंडा सीटी कार नंबर डीएल-4सी-एएम-01745 को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर कार में रखे एक बैग को खंगाला तो इसमें लाखों रुपये की नकदी के करेंसी नोट पड़े थे।
चूंकि आदर्श चुनाव आचार संहिता में 50 हजार रुपये से अधिक की करेंसी किसी वाहन में मिलने पर जब्त करने के आदेश हैं।
लिहाजा यहां लाखों रुपये की करेंसी को देख टीम ने इस बैग को जब्त कर लिया और पुलिस की निगरानी में यह करेंसी नोट कुरुक्षेत्र स्थित आयकर विभाग के दफ्तर लाए गए।
कुरुक्षेत्र आयकर दफ्तर पहुंचे एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट आरपी अग्रवाल ने बताया कि बैग में 10 लाख रुपये से अधिक के करेंसी नोट हैं।
जिससे यह करेंसी बरामद की है, उसने अपना नाम दिल्ली रूप नगर वासी आशीष गुप्ता बताया है। व्यक्ति ने अपना कारोबार हार्डवेयर का बताया है।
ये नकदी वह कहां से लेकर आया था और किसी दी जानी थी इस विषय में उसने कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दिया।
अग्रवाल के मुताबिक चुनाव आचार संहिता के दौरान अगर ये राशि व्यापार संबंधित किसी कार्य में उपयोग की जानी थी तो इसका उल्लेख होना लाजिमी है और इस राशि को चेक या ड्राफ्ट से भी दिया जा सकता था। समाचार लिखे जाने तक आशीष कुमार से पूछताछ जारी थी।
एडीसी एवं निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को बैठक
एडीसी प्रभजोत सिंह शनिवार को देर शाम लघु सचिवालय के सभागार में एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी, वीवीटी आदि टीमों के अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आदर्श चुनाव आचार संहिता के करीब-करीब हर बिंदु को विस्तृत रूप से बताया और कहा कि सभी अधिकारियों को ईमानदारी और मेहनत के साथ आदर्श चुनाव आचार संहिता को नहीं तोड़ने देना है।
ये टीमें जुटी हैं
विधानसभा क्षेत्र में स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर को चुनावी खर्चों से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजाना देनी होगी।
चुनावों की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए वीडियो टीम, वीडियो व्यूइंग टीम और अकाउंटिंग टीम साथ-साथ काम करेंगी। सभी टीमों को रिपोर्ट रोजाना समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करना होगा।
सभी टीमों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी राजनीतिक दल शैक्षणिक व धार्मिक स्थानों पर चुनावी जनसभा न करे।
निर्वाचन अधिकारी की हिदायत
-50 हजार से ज्यादा नकदी ले जाने वाला वाहन होगा जब्त
-10 हजार से ज्यादा कीमत की प्रचार-प्रसार सामग्री वाला वाहन भी होगा जब्त
-शेडो रजिस्टर की रहेगी प्रत्याशियों के खर्चों पर नजर
-बिना अनुमति स्टेशन नहीं छोड़ेंगे अधिकारी