उन्होंने कहा कि आईसीपी के सभी अधिकारी पाकिस्तान के साथ-साथ सेंट्रल एशिया के सभी देशों के साथ व्यापार बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा कि 2012 में देश की पहली आईसीपी से पाकिस्तान के साथ व्यापार शुरू हुआ था। आईसीपी में इंटरनेशनल ट्रेड के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण जल्दी शुरू होगा
राजनाथ सिंह ने कहा कि श्री डेरा बाबा नानक की साइड से करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण जल्दी शुरू हो जाएगा। उन्होंने आज दिल्ली में करतारपुर साहिब कॉरिडोर को लेकर सभी अधिकारियों के साथ बातचीत की है। करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण को पंजाब सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है। केंद्र सरकार की कोशिश रहेगी कि कॉरिडोर में अपने तरफ का हिस्सा पहले बन कर तैयार हो जाए।
दर्शक दीर्घा राष्ट्र को समर्पित
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को 32 करोड़ की लागत से तैयार की गई नई दर्शक दीर्घा राष्ट्र को समर्पित की। बीएसएफ और अलग-अलग एजेंसी के अधिकारियों ने राजनाथ सिंह को दीर्घा के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि इस दीर्घा के निर्माण के बाद रिट्रीट समारोह देखने के लिए आने वाले सैलानियों को सुविधा हुई है। इस दौरान गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी देखी। गृह मंत्री के साथ बीएसएफ के उच्च अधिकारी भी मौजूद थे।