सेक्टर-42 स्थित हॉकी स्टेडियम में रोमांच से भरपूर हॉकी लीग का डंका मंगलवार से बजेगा। पहला मैच पंजाब वारियर्स और रांची रेंज की टीमों के बीच खेला जाना है।
लगातार दो सीजन में खिताब जीतने के करीब पहुंची पंजाब वारियर्स की टीम लीग मैच में जीत से आगाज करना चाहेगी। वहीं पिछले सीजन की विजेता रांची रेज भी बुलंद हौसलों के साथ मैदान पर उतरेगी।
पिछले सीजन में रांची रेंज के हाथों खिताबी हार का बदला लेने के लिए पंजाब वारियर्स टीम के कप्तान सरदार सिंह के नेतृत्व में दो-दो हाथ करने उतरेगी। वहीं घरेलू दर्शकों के समर्थन का भी टीम को फायदा मिलेगा। मुकाबले से पहले दोनों टीमों ने सोमवार को हॉकी स्टेडियम सेक्टर-42 में जमकर अभ्यास किया।
नए नियम रोचक:
इस बार लीग के नए नियम रोचक हैं। इनके तहत एक फील्ड गोल करने के बदले एक और बोनस गोल मिलेगा। पैनल्टी कॉर्नर में यह बोनस गोल नहीं मिलेगा।
फ्लड लाइट में होंगे मुकाबले:
हॉकी स्टेडियम सेक्टर-42 में पांच मुकाबले खेले जाने हैं। 19, 20 और 24 जनवरी के अलावा 4 और 15 फरवरी को यहां मैच होंगे। सारे मैच फ्लड लाइट में खेले जाएंगे। मुकाबले शाम 6 बजे शुरू होंगे।