पिछले साल चार अक्तूबर को गोपाल मंदिर के सामने प्रतिमाएं खंडित किए जाने के विरोध में धरना देते समय मारे गए सुधीर सूरी के छोटे भाई और हिंदू नेता बृज मोहन सूरी ने गुरुवार रात को अपने ऊपर आतंकी हमले का दावा करते हुए लाइसेंसी पिस्तौल से हवाई फायरिंग की। वहीं, पुलिस ने सूरी पर किसी तरह के आतंकी हमले से इन्कार किया है। इस बीच, पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर हिंदू नेता ने शुक्रवार दोपहर को समर्थकों के साथ शिवाला पुलिस चौकी पर धरना दिया।
बृज मोहन सूरी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से आतंकियों द्वारा उनके मोबाइल पर कॉल कर जान से मारने धमकी दी जा रही है। गुरुवार देर रात उनके मोबाइल पर एक बार धमकी की कॉल आई कि वह उनके घर के बाहर पहुंच चुके हैं और बहुत जल्द उन पर हमला करेंगे। उन्होने तुरंत इसकी जानकारी अपनी सुरक्षा में तैनात कर्मियों और पुलिस अधिकारियों को दी।
कुछ देर बाद वह अपने गार्ड के साथ रेलवे ट्रैक पर आरोपियों को देखने निकले। हिंदू नेता ने बताया कि रेलवे ट्रैक से पहले आरोपियों ने उन पर फायर किए। इसके बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से आरोपियों पर फायर किए तो वे फरार हो गए। शुक्रवार दोपहर तक जब पुलिस ने इसमें कोई कार्रवाई नही की तो हिंदू नेता बृज मोहन सूरी ने अपने समर्थकों के साथ शिवाला पुलिस चौकी के सामने धरना लगा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई के लिए 72 घंटे के समय मांगा।
जांच में हमले की घटना की पुष्टि नहीं: एडीसीपी
वहीं दूसरी तरफ एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा ने मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब घटना होने दावा बृज मोहन सूरी कर रहे हैं, तब उनके (सूरी) घर के सामने रेल ट्रैक पर कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी थी। तब लोग उसमें से उतर कर अपने घरों की तरफ जा रहे थे। एसीपी लखविंदर सिंह कलेर भी तब तक घटनास्थल पर पहुंच चुके थे। राणा ने बताया कि अभी तक की जांच में आतंकी हमले जैसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई और न ही किसी दूसरे पक्ष की ओर से गोली चलाई गई।
हाईकोर्ट खारिज कर चुकी है सुरक्षा बढ़ाने की अर्जी
हिंदू नेता बृज मोहन सूरी की सुरक्षा बढ़ाए जाने की अर्जी को पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने 27 अप्रैल को खारिज कर दिया था। उन्होंने सुरक्षा घेरे में पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने की अपील की थी।