चंडीगढ़। हिमाचल महासभा चंडीगढ़ ने मंगलवार को सेक्टर-35 के एक निजी होटल में पारंपरिक त्योहार सैर या सैरेया बड़े ही उत्साह के साथ मनाया। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस लोक त्योहार का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। सैर त्योहार नई फसल के आगमन की खुशी में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान हिमाचल महासभा के सदस्यों ने हिमाचल की पृष्ठभूमि से जुड़ी एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं। वरिष्ठ सलाहकार मनोहर लाल राणा ने अपनी बांसुरी वादन कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उन्हें झूमने पर मजबूर कर दिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में लजीज स्नैक्स के स्वाद ने आयोजन की शोभा को और बढ़ाया। देर रात तक पहाड़ी लोक गीतों की मधुर धुनों पर महिला शक्ति ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया।
हिमाचल महासभा के अध्यक्ष पृथी सिंह प्रजापती ने सभी हिमाचलवासियों, देश-विदेश में बसे हिमाचलियों और ट्राईसिटी के निवासियों के लिए विश्व कल्याण की मंगल कामना के साथ सैर उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
उपस्थित सदस्यों ने इस आयोजन की खूब सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की सहमति जताई, ताकि हिमाचल की लुप्त हो रही सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।