मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके कैबिनट के मंत्रियों ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद वयोवृद्ध भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गर्मजोशी से हाथ मिलाया।
सिद्धू ने मंच से बाउंड्री पार का दिया संकेत: भाजपा के स्टार प्रचारक एवं पूर्व सांसद नवजोत सिद्धू मंच पर पहुंचे तो भीड़ ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। सिद्धू ने भी अपने अलग अंदाज में बाउंड्री पार छक्के मारने का इशारा कर अपने समर्थकों का दिल जीत लिया।
26 तारीख नमो और मनो के लिए खास: 26 तारीख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के लिए लक्की है। मोदी ने 26 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि मनोहर लाल खट्टर ने भी मुख्यमंत्री के तौर पर 26 अक्तूबर को शपथ ग्रहण की।
खट्टर ने हाथ बढ़ाया और ताकते ही रह गए
अंबाला के विधायक अनिल विज के कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद मनोहर लाल खट्टर ने अपनी सीट से खड़े होकर विज के सामने हाथ बढ़ाया तो वे बिना हाथ मिलाए आगे निकल गए।
शपथ लेने के बाद विज ने लाल कृष्ण आडवाणी का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। समारोह समाप्त होने के बाद विज ने मुख्यमंत्री खट्टर और राम बिलास शर्मा के साथ भीड़ का अभिवादन किया। राम बिलास शर्मा ने भी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
समर्थकों ने पहनी भगवा रंग की पगड़ी: पूरे हरियाणा से लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे। लोगों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुनने को मिलेगा, लेकिन मंच से कोई भाषण नहीं होने के कारण उन्हें निराशा हाथ लगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने समारोह में आई भीड़ का ट्विटर पर धन्यवाद दिया है। भीड़ में कई लोग ऐसे थे, जिन्होंने भगवा रंग की पगड़ियां पहनी हुई थीं।
अभिमन्यु और सिद्धू ने नहीं पहना था पजामा कुर्ता
शपथ ग्रहण समारोह
में आए भाजपा के अधिकतर दिग्गजों ने पजामा कुर्ता पहन रखा था। यहां पर
सिर्फ हरियाणा के नए मंत्री कैप्टन अभिमन्यु और पूर्व सांसद नवजोत सिद्धू
अलग नजर आए। कैप्टन अभिमन्यु ने शर्ट और पेंट पहन रखी थी, जबकि नवजोत
सिद्धू ने शर्ट और पेंट के अलावा कोट पहना हुआ था।
शकुंतला जाखू सभी नेताओं से मिलीं: हरियाणा की मुख्य सचिव शकुंतला जाखू और आईएएस नीलम कासनी भी मंच पर मौजूद रहीं। जाखू और कासनी ने प्रधानमंत्री सहित सभी नेताओं को मंच पर जाकर अभिवादन किया।