चंडीगढ़। चंडीगढ़ में बिजली आपूर्ति को अधिक स्मार्ट और भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) ने चुनिंदा सब-स्टेशनों पर अत्याधुनिक स्काडा (सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डाटा एक्विजिशन) आधारित रिमोट ऑपरेशन सेवा शुरू की है। इसका उद्घाटन सेक्टर-18 के सीपीडीएल कमांड सेंटर में किया गया।
इस मौके पर निदेशक अरुण कुमार वर्मा, चीफ ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर प्रमोद कुमार मिश्रा, चीफ नेटवर्क ऑफिसर एमपी सिंह और जीएम ऑपरेशंस अनोमित्रा ढाली मौजूद रहे। निदेशक अरुण वर्मा ने पहली स्काडा कमांड चलाकर सेवा की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इस सिस्टम से किसी भी फॉल्ट या इमरजेंसी की स्थिति में ग्रिड से तुरंत रिमोट रिस्पॉन्स मिलेगा। साथ ही पूरे शहर के बिजली नेटवर्क की 24 घंटे केंद्रीय निगरानी की जा सकेगी। रियल टाइम डाटा मिलने से बेहतर लोड मैनेजमेंट होगा और ट्रिपिंग की समस्या कम होगी। चरणबद्ध तरीके से इस सुविधा को पूरे शहर में लागू किया जाएगा।