शहीदी लाट के बाएं तरफ स्थित ऐतिहासिक कुएं के साथ खुले मैदान में एक बड़ा पंडाल बनाया गया है। इस पंडाल की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी के अधिकारियों की है।
कार्यक्रम से पहले शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए बीएसएफ की एक स्पेशल टुकड़ी भी पहुंच गई है। पुलिस ने बाग के साथ सटी सभी पुरानी बिल्डिंग के ऊपर जवानों की तैनाती कर दी है। पुलिस के जवान तीन दिनों तक इन्हीं बिल्डिंग में ड्यूटी देंगें।
सिद्धू व मलिक के बीच क्रेडिट वार शुरू
जलियांवाला बाग शताब्दी समारोह को लेकर मंत्री नवजोत सिद्धू व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक के बीच क्रेडिट वार छिड़ गई है। सिद्धू ने बुधवार को प्रधानमंत्री पर शहीद स्थली को नजर अंदाज करने के आरोप लगाए थे। मलिक ने कहा सिद्धू पहले यह बताएं कि मंत्री के नाते उन्होंने इस शहीदी स्थल के विकास के लिए कितने फंड जारी किए। गुरुनगरी के विकास के लिए कौन से प्रोजेक्ट शुरू किए।
जलियांवाला बाग की विरासत को किया जाएगा संरक्षित
जलियांवाला बाग के विकास के लिए काम करने वाली संस्था नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) के निदेशक आरके अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण में बाग की मरम्मत, नवीनीकरण, बाग की विरासत को संरक्षित करना, बागवानी, बाग में किसी भी दुर्घटना के समय फायर फाइटिंग प्रणाली, अजायबघर के सुंदरीकरण के साथ-साथ लाइट एंड साउंड सिस्टम स्थापित किया जाएगा।