लाइट प्वाइंट्स और सड़कों पर हाई विजन क्वालिटी के 220 सीसीटीवी कैमरे लगाने को प्रशासन ने मंजूरी दे दी है। ये नाइट विजन कैमरे रात के अंधेरे में भी तेज रफ्तार गाड़ियों की इतनी साफ तस्वीर खींचने में सक्षम होंगे कि उनकी नंबर प्लेट भी पढ़ी जा सके।
पुलिस विभाग इन कैमरों को लगाने के लिए कंसलटेंट कंपनी नियुक्त कर रहा है जो सलाह देगी कि किन इलाकों में कितने कैमरे लगाए जाएं।
मौजूदा कैमरों की दिक्कत
इस समय जो कैमरे लगे हैं उनका विजन काफी कम है और तस्वीरों की क्वालिटी भी अच्छी नहीं होती। कुछ कैमरों ने तो काम करना ही बंद कर दिया है।
अपराधी तत्व इसका लाभ उठाते हैं। फिलहाल स्थिति यह है कि शहर से औसतन रोज एक वाहन चोरी होता है।
चालान से बढ़ेगी पुलिस की कमाई
हाई क्वालिटी के सीसी टीवी कैमरे लगने से चालानों की संख्या में भी इजाफा होगा। पिछले साल सीसीटीवी कैमरों के जरिए पुलिस विभाग ने 60 हजार से ज्यादा चालान काटे। हाई क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगने से और ज्यादा चालान किए जा सकेंगे।
रेड लाइट जंप करते ही निकलेगा चालान
रेड लाइट जंप करने वालों पर लगाम कसने के लिए लाइट प्वाइंट पर एक विशेष कंप्यूटराइज्ड सिस्टम लगाया जा रहा है। रेड लाइट जंप करने वाले का नंबर जैसे ही कैमरे स्टडी करेंगे ट्रैफिक लाइन में लगा कंप्यूटर उसका चालान निकाल देगा।
चंडीगढ़ में रजिस्टर्ड सभी वाहनों के एड्रेस पहले से इस सिस्टम में अपलोड होंगे। यह चालान इसके बाद चालक के घर भेज दिया जाएगा।
कोट...
हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्ताव को प्रशासन ने मंजूरी दे दी है। ये कैमरे लगाने के लिए कंसलटेंट नियुक्त करने के बाद जरूरत के मुताबिक जल्द से जल्द इनका इंस्टालेशन किया जाएगा। ये कैमरे रात में भी काम करेंगे।
-आरपी उपाध्याय, आईजी