गत वर्ष दिवाली की रात नामी वकील भगवंत किशोर गुप्ता व उनकी जूनियर गीतू खुल्लर की हुई हत्या के मामले में हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार, डीजीपी और होशियारपुर के एसएसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही आठ मार्च तक पुलिस को जांच की स्टेटस रिपोर्ट सौंपने का भी आदेश दिया है।
भगवंत किशोर गुप्ता के बेटे सुमनेंद्र गुप्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए पुलिस की जांच पर अविश्वास जताते हुए इस मामले की सीबीआई या किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी को सौंपने की मांग की है। साथ ही अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी याचिका में मांग की है। याची ने हाईकोर्ट को बताया कि इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता उनके पिता की जूनियर सिया का पति आशीष सिंह है।
उसने अपने साथियों के साथ मिलकर याची के पिता और उनकी जूनियर की हत्या की है। बाद में इसे दुर्घटना का रूप देने के लिए दोनों शवों को कार में रख आग लगा दी। याची ने कहा कि पुलिस लगातार मामले को रफा दफा करने का प्रयास करती रही लेकिन आखिरकार उन्हें सिया के पति आशीष व बुलंदशहर निवासी दो अन्य दोस्तों सुनील व राहुल के खिलाफ हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज करनी पड़ी।
अभी तक पुलिस न तो मुख्य आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर पाई है और न ही अपराध में इस्तेमाल वाहनों का जब्त किया है। याची ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी बताया कि अब तक दोनों शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी पेश नहीं की गई। पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए इस मामले की सीबीआई या अन्य किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच की मांग की गई है।