वाघा बॉर्डर पर आतंकी हमले की धमकी के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं। वाघा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। 15 अगस्त के राज्यस्तरीय कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में अर्द्धसैनिक बलों की सात कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें दो कंपनियां रैपिड एक्शन फोर्स की हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा 300 पुलिस कर्मचारी शहर के चप्पे चप्पे में तैनात हैं। स्वतंत्रता दिवस पर उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल गुरु नानक स्टेडियम में झंडा फहराएंगे। स्टेडियम के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं बीएसएफ के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार अटारी-वाघा सीमा पर रोजाना शाम को होने वाली संयुक्त रिट्रीट सेरेमनी को देखने के लिए आने वाले सैलानियों को थ्री टायर सुरक्षा घेरे से गुजरना पड़ रहा है।
सीमा पर अतिरिक्त फोर्स पहुंच चुकी है और बटालियन व कंपनी हेडक्वार्टर से अतिरिक्त बल को फील्ड में भेजा जा रहा है। पुलिस की तरफ से जगह जगह विशेष नाके लगाकर दोपहिया और चौपहिया वाहनों की भी चेकिंग की जा रही है। सिनेमाघरों और मॉल में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
पुलिस कमिश्नर अमर सिंह चाहल ने दावा किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। शहर के अति संवेदनशील क्षेत्रों श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, श्री दुर्ग्याणा मंदिर, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सभी व्यस्त बाजारों में जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है।
हुसैनीवाला बार्डर पर बीएसएफ जवानों की संख्या बढ़ाई
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वाघा बॉर्डर पर सिक्योरिटी
- फोटो : फाइल फोटो
फिरोजपुर में कसूर (पाकिस्तान) के गंडा सिंह बार्डर पर आत्मघाती हमले की सूचना के बाद हुसैनीवाला बार्डर पर बीएसएफ ने चौकसी बढ़ा दी है। कई हेडक्वार्टर से जवानों को बुलाकर हुसैनीवाला बार्डर पर तैनात किया गया है। आधुनिक यंत्रों से पाकिस्तान की तरफ होने वाली सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आरपीएफ ने भी सीमांत रेलवे स्टेशनों पर पेट्रोलिंग तेज कर दी है।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि सरहद पर घोड़ों, वाहनों और पैदल जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है। सतलुज दरिया के संवेदनशील प्वाइंटों पर मोटर बोट से पेट्रोलिंग की जा रही है। रात के समय डीआईजी और कमांडेंट रैंक के अधिकारी सरहद पर चौकसी की समीक्षा कर रहे हैं। रेल डिवीजन फिरोजपुर आरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट संजय गुप्ता ने बताया कि सीमांत रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस की मदद से ट्रेनों व स्टेशनों की चेकिंग की जा रही है।
स्टेशनों में प्रवेश करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। गुप्ता ने बताया कि कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई है। सीमांत रेलवे स्टेशन फिरोजपुर शहर व छावनी, अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट और जम्मूतवी रेलवे स्टेशन के अलावा अन्य स्टेशनों पर सिविल वर्दी में आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
डीआईजी बॉर्डर रेंज ने किया सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वाघा बॉर्डर पर सिक्योरिटी
- फोटो : फाइल फोटो
पठानकोट में डीआईजी बॉर्डर रेंज अरुण कुमार मित्तल ने शनिवार को जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया। डीआईजी अरुण कुमार मित्तल ने नाका कथलौर, नाका कोलिया, नाका मंगवाल, नाका बमियाल, चांदनी चौंक, नाका खोजकी चक्क, अड्डा कोलिया पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को हिदायतें जारी की गईं वह चौकस होकर अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाएं।
इसके बाद उनकी ओर से बीएसएफ की टींडा स्थित पोस्ट पर जाकर बीएसएफ के अफसरों से बैठक की गई। ऑब्जर्वर प्वाइंट से कंटीली तार एवं बॉर्डर संबंधी जानकारी हासिल की गई। डीआईजी ने बीएसएफ के कर्मचारियों से बार्डर पार से घुसपैठ को रोकने के लिए कदम उठाने के बारे में बातचीत की।
इस अवसर पर बीएसएफ के कमांडेंट आईपी भाटिया, डिप्टी कमांडेंट जीबीएस भट्टी, सिकंदर कंपनी कमांडर, जिला पुलिस प्रमुख राकेश कौशल, एसपी ऑपरेशन हेम पुष्प, डीएसपी देहाती कुलदीप सिंह, इंस्पेक्टर कुलविंदर कुमार, नरोट जैमल सिंह थाना प्रभारी रमेश कुमार, थाना तारागढ़ प्रभारी इकबाल सिंह भी उपस्थित हुए।