दिल्ली, अमृतसर, मुंबई समेत कई हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन पाक समर्थित आतंकियों के निशाने पर हैं। यही वजह है कि इन हवाई अड्डों पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात हाई अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं सरहद पर भी पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।
एयरपोर्ट पर सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) कमांडेंट धर्मवीर यादव की अगुवाई में सुरक्षा का चक्र तैयार किया गया है। एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार डॉग स्क्वॉयड समेत चार चरणों में चेकिंग की जाने लगी है। एयरपोर्ट में प्रवेश करने वाले हर यात्री और उसके साथ पहुंचने वाले परिजनों व उनके सामान की स्निफर डॉग से चेकिंग के बाद आगे बढ़ने दिया जा रहा है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोज सूर्या लगातार सुरक्षा को लेकर एयरफोर्स व सीआईएसएफ के साथ बात कर सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं, तो वहीं पंजाब पुलिस ने भी एयरपोर्ट के बाहर सिक्योरिटी का मोर्चा संभाल लिया है। एयरपोर्ट को जोड़ने वाले सभी रास्तों पर पंजाब पुलिस ने नाकेबंदी करके सील कर दिया है। एयरपोर्ट के आसपास सड़कों पर कमांडोज लगाए हैं। एयरपोर्ट आने वाले हरेक वाहनों की चार चरणों में चेकिंग की जा रही है।
एयरपोर्ट परिसर के अंदर तथा आसपास के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। सिक्योरिटी सिस्टम को लगातार रिव्यू किया जा रहा है। विशेष आपरेशन के तहत किसी भी आपात स्थिति से निपटने को सुरक्षा बल पूरी तरह से तैयार हैं।
सरहद पर बढ़ी चौकसी, बना सुरक्षा चक्रव्यूह
terrorist
आतंकी हाईजेक कर सकते हैं जहाज, एयरपोर्ट को बना सकते हैं निशाना
खुफिया विभाग की रिपोर्ट है कि आतंकी जहाज को हाईजेक कर सकते हैं या फिर एयरपोर्ट को निशाना बना सकते हैं। आतंकी ट्रेनों को भी निशाना बना सकते हैं और रेलवे स्टेशनों को भी। आतंकियों को पाक पनाह दे रहा है। वहीं से साजिशें रची जा रही हैं। पंजाब में कांग्रेस सरकार व केंद्र में भाजपा सरकार के खिलाफ बगावत हो इसके लिए माहौल को देशद्रोही ताकतें खराब करना चाहती हैं।
सरहद पर बढ़ी चौकसी, बना सुरक्षा चक्रव्यूह
सरहद पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। हाई अलर्ट के मद्देनजर रिट्रीट देखने वाले पर्यटकों की चार चरणों में चेकिंग की जा रही है। कंटीली तारों के पास पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। बीएसएफ, पंजाब पुलिस मिलकर पाक से सटे गांवों में सर्च अभियान चला रही है। कंटीली तारों के उस पार जिन किसानों की खेती है उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सरहद के दो किलोमीटर तक बाहरी व्यक्ति की नो एंट्री
सरहद के दो किलोमीटर तक रात आठ बजे के बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति की बिना कारण मौजूदगी उसे जेल पहुंचा सकती है। सरहद पर रात आठ बजे तक 250 मीटर तक कर्फ्यू लगा दिया जाता है। जबकि दो किलोमीटर के दायरे में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित है, अगर उस व्यक्ति का उस इलाके से कोई संबंध नहीं है, तो उसके खिलाफ पुलिस विशेष अधिकारों के हनन में मामला दर्ज कर सकती है।