पठानकोट में जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों पर पाकिस्तान की लगातार ड्रोन गतिविधि जारी है। इसको लेकर पंजाब के पठानकोट में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने पठानकोट शहर के अलावा, अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिले में पुलिस ने स्पेशल नाके लगाकर हर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की।
पुलिस ने पठानकोट शहर में कई नाके लगाए हैं। वहीं, पाकिस्तानी सीमा से सटे सरहदी क्षेत्र बमियाल और माधोपुर में भी अंतरराज्यीय सीमा पर जम्मू-कश्मीर से आने वाली हर गाड़ी की जांच की गई। जिसके चलते शुक्रवार को एसएसपी पठानकोट ने पुलिस नाकों का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों को हिदायतें दीं।
वहीं, पठानकोट के एसएसपी सुरेंदर लांबा ने खुद नाकों पर पहुंच जांच की। एसएचओ, डीएसपी, एसपी समेत सभी रैंक के अधिकारियों को नाके पर मौजूद रहने का आदेश जारी किया गया है। पाकिस्तान से सटे कस्बा नरोट जैमल सिंह, बमियाल में पुलिस ने गश्त बढ़ाई है और स्पेशल नाके लगाकर जांच की जा रही है।
45 से अधिक नाकों पर मुस्तैद पुलिस
बता दें कि पठानकोट में पुलिस द्वारा स्पेशल और स्थायी समेत कुल 45 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। एसएसपी पठानकोट सुरेंदर लांबा का कहना है कि 15 अगस्त को लेकर भी सख्ती बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पहले भी मुस्तैद थी। अब और नाकों में बढ़ोतरी की है और वाहनों की चेकिंग की जा रही है।