हरियाणा में गठबंधन की नई सरकार में अपराधियों की खैर नहीं है। पुलिस ने अपराधियों को दबोचने के लिए कमर कस ली है। नई सरकार के अस्तित्व में आने से पहले पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बीते एक महीने में 1,076 उद्घोषित अपराधियों (पीओ), बेल जंपरों और कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान 15 अक्टूबर 2019 तक चलाया गया।
नई सरकार में पुलिस कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए नए सिरे से रणनीति को अंजाम देने में जुटी हुई है। सीएम मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपराधियों के सफाए के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। चूंकि, विधानसभा चुनाव के दौरान अपराध बड़ा मुद्दा रहा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि 15 सितंबर से शुरू हुए अभियान के दौरान 464 पीओ, 573 बेल जंपर्स और 39 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से सुनिश्चित करवाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लूट, चोरी, स्नैचिंग और अन्य जघन्य अपराधों में शामिल गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 249 अवैध पिस्तौल, 6 रिवाल्वर, 5 बंदूकें, 248 कारतूस, 8 चाकू और एक तलवार भी जब्त की है।
डीजीपी मनोज यादव की रणनीति बिल्कुल स्पष्ट है कि किसी भी तरह के अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश से अपराध के सफाए को लेकर पुलिस और जोरशोर से जुटेगी। विर्क ने बताया कि जिला फरीदाबाद में सर्वाधिक 71 पीओ, गुरूग्राम मे 49 और सोनीपत में 44 पीओ को गिरफ्तार किया गया है।
फरीदाबाद जिले से सर्वाधिक 54 बेल जंपर्स, अंबाला से 48 व करनाल से 47 बेल जंपर्स काबू किए गए हैं। जिला अंबाला से 11 और हिसार से 10 कुख्यात अपराधियों को दबोचा गया है। डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने के अलावा अन्य कुख्यात और मोस्टवांटेड अपराधियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ा जा रहा है।