दो माह पूर्व सतलुज दरिया के रास्ते पाकिस्तान से हेरोइन के साथ पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस भारत लाते हुए तस्कर सुखविंदर सिंह को बीएसएफ ने पकड़ा था। इसी तरह पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के माध्यम तरनतारन क्षेत्र में एके-47 राइफलें भेजी थी, जो सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों से पकड़ी थी।
कई बार तस्कर इन्हीं हथियारों से सुरक्षा एजेंसियों के मुलाजिमों पर वार कर चुके हैं। कुख्यात तस्कर जोगिंदर सिंह उर्फ जीता उर्फ सम्मी ने पाकिस्तानी हथियारों से जिला तरनतारन के पट्टी क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ के दो इंस्पेक्टरों को जख्मी कर दिया था। हालांकि मौजूदा समय में वह नाभा जेल में बंद है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक जीता भी पाकिस्तान से बहुत हथियार मंगवाता रहा है और इसके कई गैंगस्टरों से संबंध बताए जाते हैं। जेल में बंद रहने के बावजूद बाहर एक-दो लोगों की हत्या गैंगस्टरों से कराने के आरोप में भी जीता पर मामले दर्ज हैं। सरहद पार पाकिस्तान से आ रहे हथियारों से सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी बहुत परेशान हैं। इन हथियारों का कोई रिकॉर्ड नहीं है। बार्डर क्षेत्र की तरफ रह रहे शरारती तत्वों के पास पाकिस्तान से आई विदेशी पिस्तौलें व अन्य हथियार हैं।