अजान को लेकर ट्वीट करने वाले गायक सोनू निगम की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। उनके खिलाफ अब कोर्ट में सुनवाई शुरु हुई है। अजान पर ट्वीट कर विवादों का सामना करने वाले बाॅलीवुड गायक साेनू निगम के खिलाफ पानीपत कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। सीजेएम हर्षाली चौधरी की अदालत में मंगलवार को सोनू निगम के खिलाफ शिकायतकर्ता एडवोकेट मोमिन मलिक ने बयान दर्ज कराए। उन्होंने इस संबंध में अपने सुबूत भी सौंपे।
शिकायतकर्ता ने सबूत के तौर पर सोनू निगम के ट्विटर अकाउंट से अजान को लेकर किए गए ट्वीट का रिकॉर्ड अदालत को सौंपा है। बता दें कि मस्जिदों में लाउड स्पीकर पर अजान की आवाज के खिलाफ गायक सोनू निगम ने विवादित ट्वीट किया था।
इस पर एडवोकेट मोमिन मलिक ने 19 अप्रैल को सोनू निगम के खिलाफ एक क्रिमिनल कंप्लेंट (याचिका) दर्ज कराई थी। अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए 2 मई 2017 को सबूत पेश करने के आदेश दिए थे। एडवोकेट मलिक ने बताया कि कोर्ट में बयान दर्ज करा दिए हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान में सभी धर्मों को बराबरी का अधिकार है। पूजा करने और नमाज पढऩे का अधिकार है। मलिक ने अदालत को थाने की रिपोर्ट की प्रतिलिपि भी सौंपी। इस मामले की अगली सुनवाई 20 मई को होगी।