अब चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की फ्लैट्स सोसाइटियों में लिफ्ट लगाना ज्यादा आसान हो गया है। अब लिफ्ट लगाने के लिए सोसाइटी के आसपास के ब्लाक के सभी फ्लैट धारकों से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है। अगर कोई एक धारक भी लिफ्ट लगाना चाहता है तो वह अपने खर्चे में लगा सकता है। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड के अलाटियों को प्लान जमा करवाने होंगे। शहर में अधिकतर हाउसिंग बोर्ड की जो फ्लैट सोसाइटी हैं उनमें लिफ्ट नहीं है।
शहर में सीएचबी के 48 हजार फ्लैट्स हैं। अधिकतर सोसाइटियां बहुमंजिला हैं। पिछले साल जून में सीएचबी ने निर्णय लिया था कि लिफ्ट लगाने के लिए हर ब्लाक के सभी अलाटियों की सहमति जरूरी है। ऐसे में लिफ्ट लगाने में परेशानी हो रही थी क्योंकि सभी अलाटियों में सहमति नहीं बना पा रही थी। निचली फ्लोर वाले लिफ्ट के लिए अपनी सहमति नहीं दे रहे थे।
सीएचबी के चेयरमैन मनिंदर बैंस के मुताबिक अब कोई भी अलाटी लिफ्ट लगाना चाहता है वह अपने स्तर पर लगा सकता है लेकिन इसके प्लान की मंजूरी बोर्ड से लेनी होगी। इसके लिए बोर्ड को 30 हजार रुपये की फीस जमा करवानी होगी।