चंडीगढ़ में दूसरे राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने चलाई साइकिल।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में हेल्दी स्ट्रीट कैपिसिटी डेवलपमेंट वर्कशॉप के दूसरे दिन सुबह विभिन्न शहरों से आए स्मार्ट सिटी के प्रतिधियों ने शहर में साइकिल चलाई। इस दौरान प्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रकार के आयोजन में भी भाग लिया। इस दौरान प्रतिनिधि सुखना लेक, बर्ड पार्क होते हुए कैपिटल कॉम्पलेक्स तक गए। स्मार्ट सिटी की ओर से प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ के साइकिल ट्रैक के बारे में भी जानकारी दी गई। इससे पहले दिन भर के सेशन के बाद रात को म्यूजिकल नाइट में प्रतिनिधियों ने खूब मस्ती की।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम की ओर से सोमवार को आईटी पार्क स्थित एक होटल में हेल्दी स्ट्रीट कैपेसिटी डेवलपमेंट वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। इसमें विभिन्न शहरों के 61 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर शहर को साइकिल फ्रेंडली बनाने और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इस दौरान एक सत्र में चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर की एसोसिएट प्रोफेसर दीपिका गांधी ने कहा कि लोग शौक के लिए साइकिल चलाते हैं। इसे जुनून बनाकर खून में ले जाना होगा ताकि ज्यादा से ज्यादा काम के लिए लोग साइकिल का प्रयोग करें। कार्यक्रम में गृह सचिव नितिन कुमार यादव, स्मार्ट सिटी मिशन के निदेशक राहुल कपूर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। राहुल कपूर ने कहा कि साइकिल फॉर चैलेंज और स्ट्रीट फॉर पीपल चैलेंज के माध्यम से पिछले कुछ वर्षों में सामूहिक रूप से 500 किमी से अधिक स्वस्थ सड़कों का निर्माण कराया गया है। इन चुनौतियों ने हमें कारों को छोड़कर एक नई दुनियां बनाने का मौका दिया। पिछले कुछ सालों में पैदल चलना, साइकिल चलाना और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना जैसे लोग भूल ही गए हैं। इस पुरानी संस्कृति को वापस लाने के लिए यह आयोजन किए जा रहे हैं।
स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनिंदिता मित्रा ने बताया कि हमने कैपिटल कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-17 अंडरपास, सेक्टर-17 प्लाजा और अर्बन पार्क को लोगों के पैदल घूमने के लिए विकसित किया है। हमारा प्रयास रहता है कि चंडीगढ़ की योजना से पड़ोसी राज्यों में भी साइकिल को चलाने के लिए बढ़ावा दिया जाता है। इस कार्यशाला में आने वाले लोगों के लिए साइक्लिंग के अनुभव की व्यवस्था की गई है ताकि वह साइकिल के बुनियादी ढांचे, साइकिल ट्रैक, चौराहों को देख सकें। वर्कशॉप के पीछे का मकसद पूरे देश में वॉकिंग व साइक्लिंग ट्रांसफॉर्मेशन को बढ़ाना और स्ट्रीट डिजाइन प्रोजेक्ट्स की प्रगति में तेजी लाना है।