केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया रविवार को शहर में होंगे। कोरोना की तीसरी लहर से बचाव की तैयारियों का जायजा लेने वह शाम चार से शाम साढ़े सात बजे तक पीजीआई में रहेंगे। इस दौरान एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में एमआरआई मशीन का उद्घाटन करने के साथ ही विभिन्न यूनिटों का निरीक्षण करेंगे।
इनमें ट्रॉमा सेंटर, एडवांस कार्डियक सेंटर, रिसर्च ए ब्लॉक, नेहरू अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा वे पीजीआई निदेशक व अन्य उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट जानेंगे।
पीजीआई प्रशासन को स्वास्थ्य मंत्री की इस यात्रा की जानकारी शनिवार दोपहर में हुई। अचानक से मिली आगमन की सूचना के बाद पीजीआई प्रशासन आनन-फानन तैयारियों में जुट गया। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री का मुख्य कार्यक्रम बिलासपुर एम्स के उद्घाटन का है लेकिन वहां से वह शाम 4 बजे पीजीआई पहुंचेंगे। जहां रेस्ट हाउस में कुछ देर आराम करने के बाद वह पहले से तय प्रोटोकॉल के अनुसार निरीक्षण और बैठक करेंगे।