हरियाणा सरकार दिल्ली से सटे क्षेत्रों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तीन जिलों में घर-घर सर्वे कराएगी। गुरुग्राम, फरीदाबाद व सोनीपत जिलों के सिविल सर्जन को टीमें गठित कर संदिग्धों का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश पर घर-घर सर्वे करने की योजना को सिरे चढ़ाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जिलों में कोरोना के केस लगातार आ रहे हैं। सिविल सर्जन को सख्त आदेश दिए हैं कि वह जल्द से स्वास्थ्य टीमें गठित कर घर-घर सर्वे करने का काम शुरू करें। गुरुग्राम जिले में कापासेड़ा बॉर्डर से सटे क्षेत्रों में करोना का कहर बरप रहा है और सबसे ज्यादा मरीज यहीं से सामने आ रहे हैं। इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- अमेरिका में फंसे 100 भारतीय लौटे, वतन की माटी चूमी, जय हिंद बोले, बताया- कैसा है न्यूयार्क का हाल
दिल्ली-गुरुगाम बॉर्डर पर और सख्त पहरा
गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि गुरुग्राम में लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए दिल्ली गुरुग्राम बॉर्डर पर पुलिस का पहरा और सख्त कर दिया गया है। बिना पास वाला व्यक्ति हरियाणा में प्रवेश नहीं कर पाएगा।
बॉर्डर क्षेत्र में बढ़ रहे कोरोना मामलों के कारण एहतियात बरतना जरूरी हो गया है। जब तक इन क्षेत्रों में स्थिति सामान्य नहीं होती तब तक बॉर्डर पर सख्ती बरकरार रहेगी। दिल्ली वालों को बॉर्डर बंद करने से परेशानी जरूर हो रही है लेकिन हमारी प्राथमिकता सबसे पहले हरियाणा के लोगों को बचाना है।