चंडीगढ़ में कोरोना के साथ डेंगू के बढ़ते मामलों पर काबू पाने के लिए स्वास्थ विभाग ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ विभाग ने गुरुवार को हेल्पलाइन नंबर 7626002038 जारी किया गया। जीएमएसएच- 16 के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि गुरुवार को भी डेंगू के पांच मामले सामने आए हैं।
बचाव के लिए लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में अस्पताल की ओपीडी (वाह्य रोग विभाग) में भी डेंगू से बचाव संबंधी जानकारी मुहैया कराई गई। स्वास्थ्य कर्मी ने अस्पताल की ओपीडी में बनाए गए अकाउंट पर डेंगू संबंधी जानकारियां दीं। इस दौरान मरीजों के साथ ही उनके परिवारों को जागरुकता के पर्चे बांटे गए और बताया गया कि डेंगू से बचाव में स्वास्थ विभाग का सहयोग करें।
इन बातों का रखें ध्यान
- बचाव के लिए मच्छर प्रतिरोधक का इस्तेमाल करें।
- पूरी बाजू की कमीज और पायजामा या पैंट पहनें।
- यह भी ध्यान रखें कि खिड़कियों के पर्दे सुरक्षित हों और उनमें छेद न हों।
- वातानुकूलित कमरों में रहकर बीमारी से बचा जा सकता है।
- मच्छरों को अंडे देने से रोकने के लिए घर में पानी जमा न होने दें।
- बाहर रखे साफ पानी के बर्तन- जैसे पालतू जानवरों के पानी के बर्तन, बगीचों में पानी देने वाले बर्तन और टैंक आदि को साफ रखें।
- घर के अंदर फूलदानों में पानी जमा न होने दें और उन्हें हफ्ते में एक बार जरूर साफ करें।
- जिन लोगों के घर में कोई डेंगू से पीड़ित है, वह थोड़ा ज्यादा ध्यान रखें कि मच्छर दूसरे सदस्यों को न काटे।
- बीमारी को फैलने से बचाने के लिए पीड़ित को मच्छरदानी के अंदर सोना चाहिए।