चंडीगढ़ सेक्टर-19 के सरकारी हाईस्कूल के 50 वर्षीय हेडमास्टर के सिर पर नौवीं कक्षा के विद्यार्थी ने रॉड से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में हेडमास्टर को सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हमलावर साथ के ही सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौवीं का छात्र है और किशनगढ़ का रहने वाला है। हेडमास्टर के सिर पर छह टांके लगे हैं। सेक्टर 19 थाना पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है और सेक्टर 19 थाने में ही उससे पूछताछ की जा रही है। यह घटना स्कूल परिसर में लगभग साढ़े 12 बजे घटी। वहीं घटना के बाद सेक्टर 16 अस्पताल में बड़ी संख्या में अध्यापक इकट्ठे हुए और स्कूलों में अध्यापकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। फिलहाल सेक्टर 19 थाना पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक हमलावर ने हेड मास्टर के सिर पर तीन बार रॉड से हमला किया। घायल हेड मास्टर का बेटा आईटी पार्क की एक निजी कंपनी में कार्यरत है जबकि उनकी पत्नी सेक्टर 21 के सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं।
पता चला है कि हेड मास्टर इस युवक को अनुशासन में रहने के लिए कह रहे थे मगर युवक ने गुस्से में आकर उन पर हमला कर दिया। सेक्टर 19 के सरकारी हाई स्कूल और सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच में एक अंदरूनी गेट बना हुआ है। इसी गेट के बाहर स्कूल के हेड मास्टर कुर्सी पर बैठे हुए थे तभी दूसरे स्कूल से आए छात्र ने उन पर हमला कर दिया।