भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत पहला देश बन गया है। इसकी खुशी मनाते हुए वीसी प्रो. रेणु विग ने सभी का मुंह मीठा करवाया और लड्डू बांटे। विद्यार्थियों ने कहा कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग लाइव देखना उनके लिए गर्व की बात है। यह युवाओं के लिए प्रेरणा का दिन है।
मुस्कान ने बताया कि बहुत गर्व है कि आज हम चांद पर पहुंच गए हैं। हमने विश्व के लिए इतिहास रचा है। विज्ञान की छात्रा होने के नाते वैज्ञानिकों की मेहनत को सलाम है, जिनके कारण ये संभव हो पाया है। मानसी ने बताया कि बहुत खुशी है। पीयू ने हम सब छात्रों के लिए लाइव सत्र आयोजन किया, ये पल जिंदगी भर याद रहेगा।
युवाओं को देश में रहकर देना चाहिए योगदान
पीयू वाइस चांसलर प्रो.रेणु विग ने कहा कि हमारे लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। अगर हम चांद पर जा सकते हैं तो हम कुछ भी कर सकते हैं। युवाओं के लिए ये बहुत बड़ी प्रेरणा है। युवाओं के सपने इस देश में रहकर भी पूरे हो सकते हैं। सारे हम बाहरी देशों की तरफ भागने की होड़ में लगे हैं। इसलिए अब उन्हें वापस देश लौटाने का समय है।
व्यापारियों ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न
चंद्रयान की सफलता पर शहर के व्यापारियों ने भी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और इसरो के वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई दी। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरनजीव सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एकत्र होकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नागरिकों को बधाई दी।
चरनजीव सिंह ने कहा कि हमने एक बार फिर दुनिया को बता दिया है कि हम किसी से कम नहीं। वहीं मंडल के महासचिव संजीव चड्ढा ने कहा कि जो पूरी दुनिया नहीं कर सकी, वह हमारे हिंदुस्तान के वैज्ञानिकों ने कर दिखाया है।