हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के बाद उत्साहित कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू कर रही है। आज बुधवार से अभियान का आगाज हो जाएगा। इसके लिए जिलास्तर पर प्रभारियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं, लेकिन भारत जोड़ो यात्रा की तरह संगठन कांग्रेस के इस अभियान में भी नदारद रहेगा।
वजह साफ है पार्टी बाहर से भले ही एकजुट रहने का दावा करे, लेकिन संगठन में जगह पाने में खींचतान अभी जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने बीते माह कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा के तुरंत बाद संगठन पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी जाएगी, लेकिन अंदरूनी कलह के कारण यह सूची जारी नहीं हो पा रही।
हुड्डा विरोधी खेमा अपने कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह दिलाने के लिए प्रयासरत है। जबकि कांग्रेस के अन्य धुरंधर अपने कार्यकर्ताओं को शामिल करवाना चाह रहे हैं। यही वजह है कि सूची अभी तक जारी नहीं हो पाई। भारत जोड़ो यात्रा में भी यह सूची इस वजह से जारी नहीं हो सकी कि कहीं यात्रा के बीच ही बयानबाजी न छिड़ जाए।
अब हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिए कांग्रेस ने जिला अनुसार विधायकों और पूर्व विधायकों की डयूटी लगा दी है। ये विधायक गांव-गांव जाएंगे कांग्रेस का झंडा फहराकर राहुल गांधी की चिट्ठी जनता को पढ़कर सुनाएंगे।
विधायकों की डयूटी लगाई
अंबाला जिले के लिए विधायक बीएल सैनी, भिवानी के लिए राव दान सिंह, दादरी के लिए गीता भुक्कल, फतेहाबाद अमित सिहाग, झज्जर के लिए बीबी बतरा, कैथल के लिए सुभाष देसवाल, पलवल के लिए धर्म सिंह छोक्कर, पंचकूला के लिए वरुण मुलाना और रेवाड़ी के लिए विधायक कुलदीप वत्स की डयूटी लगाई है।
पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी जोड़े
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अशोक अरोड़ा को यमुनानगर, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल को सिरसा, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया को पानीपत, पूर्व मंत्री जय प्रकाश को हिसार और करण सिंह दलाल को गुरुग्राम की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा पूर्व विधायक संत कुमार को सोनीपत, जयतीर्थ दहिया को रोहतक, ललित नागर को नूंह, धर्मपाल सांगवान को महेद्रगढ़, भीमसेन मेहता को कुरुक्षेत्र, लहरी सिंह को करनाल की जिम्मेदारी दी गई है।
आज एक फरवरी से गांव में जाएंगे और कांग्रेस का झंडा फहराकर राहुल गांधी की चिट्ठी जनता को पढ़कर सुनाएंगे। -
अशोक अरोड़ा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष
कांग्रेस में उत्साह बढ़ा और गुटबाजी कम हुई है। हरियाणा में भाजपा का ग्राफ नीचे जा रहा है। चुनाव नजदीक हैं। इस अभियान का लाभ मिलेगा।
-करण सिंह दलाल, पूर्व मंत्री
राहुल गांधी का संदेश देशभर में गया है। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चला जाएगा। जिन विधायकों की ड्यूटी लगी हैं वे जनता के बीच जाकर हाथ से हाथ जोड़ने का संदेश देंगे।
-कुमारी सैलजा, कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ प्रभारी