राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के अभिभाषण में कहा कि सरकार की दूरदर्शिता व दृढ़ता और हरियाणा के हर नागरिक के ईमानदार प्रयास 25 साल के अमृत काल में भारत को विश्व का सिरमौर बनाना सुनिश्चित करने में सहायक होंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में वर्ष 2047 में विकसित भारत- इंडिया@100 के विजन पर प्रकाश डाला था, भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अगले 25 वर्षों की योजना बनाने के लिए एक ऐसे विजन की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने संबोधन में कहा कि सरकार को हमारे देश द्वारा जी20 का अध्यक्ष पद ग्रहण करने और शंघाई सहयोग संगठन की अध्यक्षता करने पर गर्व है। भारत द्वारा जी20 की अध्यक्षता करने का इस से अधिक उपयुक्त समय नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की हमारी महान विरासत को बढ़ावा देने के लिए सरकार विदेश मंत्रालय, जी20 सचिवालय और अन्य संबंधित मंत्रालयों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है।
वहीं हरियाणा में जी20 से संबंधित कार्यक्रमों जैसे कि, 1 मार्च, 2023 से भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह, सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में जी20 राजदूतों का भ्रमण और संवाद, IIM रोहतक एवं विभिन्न विश्वविद्यालयों में जी20 पर गोष्ठी/सम्मेलनों आदि के आयोजन को सुगम बनाया जा सके।
राज्यपाल ने कहा कि सरकार द्वारा दुनिया को कोविड वैक्सीन का प्रावधान करने और भूकंप प्रभावित तुर्की को हर संभव आपदा में राहत देने से ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की सोच और व्यापक हो जाती है। सरकार ने प्रशासनिक दक्षता में सुधार और सरकारी कार्यप्रणाली में तालमेल तथा कार्य को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से कई विभागों का विलय किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान लोगों द्वारा राज्य सरकार के प्रति व्यक्त विश्वास और धैर्य की सराहना करता हूं। कई नवाचारों से और मानव हस्तक्षेप घटाने से कदाचार पर अंकुश लगा है और गुणवत्तापूरक सेवा प्रदायगी सुनिश्चित हुई।
उन्होंने कहा कि डी.बी.टी. सुविधा, ऑटो अपील प्रणाली, परिवार पहचान पत्र योजना, स्वामित्व, मेरा पानी-मेरी विरासत, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, आधुनिक राजस्व रिकॉर्ड रूम, जन सहायक एम-गवर्नेंस पहल, ई-खरीद, व्यवसाय सुधार कार्य योजना, हरियाणा कौशल रोजगार निगम और कई अन्य पहलों ने ‘सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास-सबका प्रयास‘ और ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक‘ के प्रति मेरी सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।