हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट (हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) के नतीजे शुक्रवार रात को घोषित कर दिए। लेवल एक परीक्षा में 35.37 पास प्रतिशत रहा। अब तक का यह बेस्ट रिजल्ट है।
लेवल दो के परीक्षार्थियों ने एक बार फिर लचर प्रदर्शन किया और लगभग 91 फीसदी फेल हो गए। गौर करने वाली बात यह है कि लेवल दो में पुरुष परीक्षार्थियों ने महिलाओं से बेहतर रिजल्ट दिया, वहीं लेवल एक में दशमलव दो अंकों से महिलाएं पुरुषों से आगे रहीं।
फरवरी 2014 में हुए एचटेट परीक्षा से तुलना करें तो लेवल-एक के परीक्षार्थियों ने इस बार की उत्तीर्ण प्रतिशतता में लंबी छलांग मारी। पिछले साल हुई परीक्षा में केवल 7.29 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए थे, इस बार प्रतिशतता 35.37 रही।
यानी करीब 28 प्रतिशत रिजल्ट ऊपर रहा। सुधार तो इस बार लेवल-दो में भी दिखा। गत वर्ष 6.36 परीक्षार्थी पास हुए थे, इस मर्तबा 9.03 फीसदी।
नतीजों में पुरुषों का दबदबा
लेवल-एक इम्तिहान में 35.38 प्रतिशतता के साथ महिला आगे रहीं। लेकिन, पुरुषों का अंतर बहुत कम रहा। पुरुषों की उत्तीर्ण प्रतिशतता 35.36 रही। लेवल-दो में पुरुष परीक्षार्थी आगे रहे। पुरुषों की उत्तीर्ण प्रतिशतता 11.14 रही तो महिलाओं की 8.14 रही।
जहां हुआ था पेपर आउट, वही जिला टॉपर
लेवल-तीन का पेपर जिस जिले में लीक हुआ था, वही जिला यानी जींद लेवल-दो में टॉप पर रहा। जिलावार उत्तीर्ण प्रतिशतता के मामले में जींद 10.74 प्रतिशतता के साथ पहले पायदान पर रहा। जींद में 9625 ने परीक्षा दी थी। 5.53 प्रतिशतता के साथ यमुनानगर सबसे निचले पायदान पर रहा।