धर्म प्रचार कमेटी चेयरमैन संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाला
- फोटो : File Photo
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) की धर्म प्रचार कमेटी चेयरमैन संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। चार लाइनों के अपने इस्तीफे में हालांकि कोई कारण नहीं दिया है लेकिन माना यही जा रही है कि वे एचएसजीएमसी सदस्यों की कार्यप्रणाली से काफी समय से नाराज चल रहे थे।
गुरुद्वारा सिरमलसर साहिब तिलोकेवाला के मुख्य सेवादार संत गुरमीत सिंह तिलोकेवाला एसजीपीसी से अलग हरियाणा कमेटी के गठन के लिए चले आंदोलन के वरिष्ठतम नेताओं में से एक रहे हैं। वे 2011 में हुए गुरुद्वारा चुनाव में सिरसा हलका से आजाद उम्मीदवार के तौर पर एसजीपीसी सदस्य चुने गए थे। संत तिलोकेवाला ने अपना इस्तीफा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव मुख्य कार्यालय चीका को भेजा है।
यह है स्वार्थी लोग: झिंडा
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झिंडा ने कहा कि गुरमीत सिंह त्रिलोकेवाला द्वारा इस्तीफा दिए जाने से हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को कोई फर्क नहीं पड़ता। इस्तीफा देने वाले लोग स्वार्थी हैं। यह लोग हरियाणा में तो जरूर रह रहे हैं, परंतु इन लोगों को हरियाणा के सिखों के हितों की कोई परवाह नहीं है।