राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने हरियाणा के 17 खिलाड़ियों को भीम अवार्ड देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही चार अर्जुन अवार्डी और दो ध्यानचंद अवार्डी खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया है।
सब खिलाड़ियों को 5-5 लाख रुपये नकद राशि दी गई। कुल 1.15 करोड़ रुपये की राशि दी गई। हरियाणा राजभवन में बुधवार को हुए समारोह में ये भीम पुरस्कार वर्ष 2011-12 और 2012-13 के लिए दिए गए हैं।
इसके साथ ही भीम अवार्ड से सम्मानित होने वाले प्रदेश में अब 154 खिलाड़ी हो गए हैं। केंद्र सरकार के अर्जुन अवार्ड से प्रदेश के 78 खिलाड़ी सम्मानित हो चुके हैं।
राज्यपाल ने समारोह में कहा कि हरियाणा में खेल सुविधाएं बढ़ी हैं और खेल नीति के कारण नई खेल संस्कृति का उदय हुआ है।
प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर पर परचम फहराया है। ‘पदक लाओ और पद पाओ’ नीति के तहत अब तक 438 खिलाड़ियों को नौकरियां दी जा चुकी हैं।
खेल विभाग का बजट आठ साल पहले 36.83 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 162.32 करोड़ रुपये हो गया है। राज्यपाल ने सलाह दी कि युवाओं को खेल के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी जाना चाहिए।
उन्होंने हर व्यक्ति को अनुशासन में रहने की सलाह भी दी। इस मौके पर खेल राज्यमंत्री सुखबीर कटारिया, पुलिस महानिदेशक एसएन वशिष्ठ, खेल विभाग के प्रधान सचिव अमित झा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव शिवरमण गौड़, खेल विभाग के महानिदेशक एसके गोयल, राज्यपाल की सचिव नीलम कासनी और अन्य अफसर मौजूद थे।
ये खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
वर्ष 2011-12 के लिए भिवानी की महिला मुक्केबाज कविता चहल, सोनीपत की एथलेटिक्स सीमा अंतिल, उमरी जिला कुरुक्षेत्र के पहलवान राजेंद्र कुमार, पंचकूला के वॉलीबॉल खिलाड़ी सूबे सिंह, करनाल के निशानेबाज हरप्रीत सिंह, भिवानी के पैरालंपिक खिलाड़ी प्रशांत करमाकर।
वर्ष 2012-13 के गांव बलाली जिला भिवानी की महिला पहलवान गीता फौगाट, भिवानी के मुक्केबाज दिलबाग सिंह, फरीदाबाद की निशानेबाज अनीशा सैयद, रोहतक के जूडो खिलाड़ी मनजीत नांदल, शाहबाद के एथलीट भारतेंद्र सिंह, शाहबाद के हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह, रानियां की रोलर स्केटिंग खिलाड़ी मिलनप्रीत कौर, शाहबाद की महिला हॉकी खिलाड़ी रीतू रानी, सोनीपत के पैरालंपिक एथलीट अमित कुमार, फरीदाबाद की पैरालंपिक एथलीट लक्ष्मी, रोहतक के मानसिक रूप से अशक्त खिलाड़ी केशव मलिक को सम्मानित किया गया।
अर्जुन अवार्डी महिला मुक्केबाज कविता चहल, कुश्ती में नेहा राठी, धर्मेंद्र दलाल, पैरालंपिक खिलाड़ी अमित सरोहा, ध्यानचंद अवार्डी बल्लभगढ़ के पैरालंपिक खिलाड़ी गिरराज और सोनीपत के पहलवान अनिल मान का भी सम्मान किया गया।