हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्हें राष्ट्र विरोधी कहा है। विज ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं व अन्य विपक्षी दलों के नेताओं खासकर सोनिया गांधी, राहुल व प्रियंका गांधी जो नागरिकता संशोधन बिल का विरोध कर रहे हैं, उन्हें बताना चाहिए कि किस प्रकार से अल्पसंख्यकों और उनके धार्मिक स्थानों पर पाकिस्तान में लगातार प्रहार हो रहा हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
विज ने कहा कि पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब पर हुए हमले ने बता दिया है कि आखिरकार सीएए क्यों जरूरी है। विज ने कहा कि दरअसल, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल राष्ट्र विरोधी है, इसलिए वे मौजूदा हालातों से परे सीएए का विरोध कर रहे हैं। विज ने कहा कि जिन लोगों का पाकिस्तान में जीना मुहाल किया जा रहा है. अगर वो किसी तरह से वहां से जान बचाकर हिंदुस्तान में आ जाते हैं और हमारी सरकार उनको नागरिकता देना चाहती है तो क्या विपक्ष दलों के नेता इसका विरोध करेंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान में सिखों पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए सरकार पाकिस्तान से बातचीत कर रही है। विपक्षी दलों को भी समझना चाहिए कि आखिरकार पाकिस्तान में सिख लोगों के साथ क्या हो रहा है। इमरान खान द्वारा बांग्लादेश का सात साल पुराना वीडियो वायरल कर झूठा प्रचार करने कि यूपी पुलिस नरसंहार कर रही है पर पलटवार करते हुए गृहमंत्री विज ने कहा कि इमरान खान, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी ये सभी एक ही कंपनी के सदस्य हैं।
विज ने कहा कि इनका डायरेक्टर भी एक ही है। जैसे राहुल गांधी कभी राफेल को लेकर झूठ बोलते हैं, तो कभी नागरिकता संशोधन बिल को लेकर झूठा प्रचार करता है। उसी प्रकार से इमरान खान भी हिंदुस्तान में दंगे करवाने के लिए झूठा प्रचार करता है।