फतेहाबाद में रोडवेज की बस पलटी।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में मंगलवार शाम को रतिया से जाखल जा रही हरियाणा रोडवेज की बस कमाना मोड़ के पास खेत में पलट गई। बस में 45 यात्री थे। इनमें से करीब एक दर्जन भर सवारियां घायल हो गई हैं। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस के अंदर से सवारियों को बाहर निकाला और सभी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस मंगलवार शाम 5:20 बजे 45 यात्रियों संग रतिया से जाखल को रवाना हुई।
रतिया से करीब पांच किलोमीटर दूर गांव कमाना मोड़ पर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के चक्कर में बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस नीचे खेत में जा गिरी। बस के नीचे गिरने और लोगों के शोर मचाने की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया।
घायलों में कासमपुर निवासी बस चालक गुरप्रीत सिंह, मूसा खेड़ा निवासी परिचालक लखविंदर सिंह के अलावा चांदपुरा निवासी संतोष रानी, मीना रानी, मनप्रीत कौर, कृष्ण तेज कोर के इलावा बबनपुर निवासी गुरमीत कौर उसके तीन बच्चे मनप्रीत कौर, सतनाम सिंह, निम्मी व सिवानी निवासी देवा घायल हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में जान माल का नुकसान नहीं हुआ। वहीं चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।