हरियाणा में संक्रमण के बढ़ते मामले और रिकॉर्ड मौतों के बाद राहत के संकेत मिल रहे हैं। 20 दिन बाद प्रदेश में संक्रमण के मामले 11 हजार के आंकड़े से नीचे दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को 10,608 नए संक्रमित मिले और 14,577 मरीज स्वस्थ हुए।
हरियाणा में पिछले एक सप्ताह से संक्रमण के केसों में घटौती दर्ज की जा रही है। राज्य के 17 जिलों में नए संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। रिकवरी दर भी बढ़कर 84.40 प्रतिशत पहुंच गई है। साथ ही 15 दिन बाद प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या एक लाख से नीचे 99,007 आ गई है।
21 जिलों में 164 की जान गई
शुक्रवार को प्रदेश के 21 जिलों में संक्रमण से 164 की मौत हो गई। केवल झज्जर ऐसा जिला रहा, जहां कोरोना संक्रमण से कोई मौत दर्ज नहीं की गई। सबसे अधिक रोहतक में 16, गुरुग्राम 15, हिसार-पानीपत-भिवानी में 11-11 मरीजों की मौत हुई। जींद 12, अंबाला 10, करनाल 9, फरीदाबाद-रेवाड़ी 8-8, पंचकूला-पलवल 2-2, कुरक्षेत्र 5, यमुनानगर 9, सिरसा महेंद्रगढ़ 6, फतेहाबाद-नूंह 3-3, कैथल 7, चरखी दादरी 4 और सोनीपत में 6 मरीजों की मौत हुई। प्रदेश में अब तक कोरोना से कुल 6402 की मौत हो चुकी है। साथ ही 48,06,901 को टीका लगाया जा चुका है।