व्यक्ति को सतलुज नदी से बाहर निकाला गया।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के नंगल में सतलुज में नहाने उतरा हरियाणा निवासी सुरेश नौ दिन तक नदी में फंसा रहा। जानकारी मिलने पर फ्लाईओवर बना रही कंपनी के कर्मचारियों ने पुलिस की सहायता से उसे बाहर निकाला। कंपनी के साइट इंजीनियर अंशुल द्विवेदी ने बताया कि कुछ दिन पहले कर्मचारियों को एक व्यक्ति सतलुज नदी के बीच में खाली जमीन पर दिखाई दिया।
लोगों ने सोचा कि वह मछली पकड़ने आया होगा लेकिन शुक्रवार को वह फिर वहीं बैठा दिखाई पड़ा तो कर्मचारियों ने सूचित किया। अंशुल ने बताया कि जब उस व्यक्ति से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि वह 30 नवंबर को बाबा ऊधो मंदिर के पास सतलुज नदी में नहाने उतरा था। नहाने के उपरांत वह नदी के बीच में खाली जगह पर सो गया।
एक दिसंबर को बीबीएमबी ने नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ दिया। इस कारण वह सतलुज में ही फंसा रह गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया और फिर व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया। थाना प्रभारी दानिशवीर सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही वह मौके पर पंहुचे सुरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय पाला राम को बाहर निकाला। पूछताछ में उसने बताया कि वह हरियाणा के शाहाबाद का रहने वाला है और यहां मजदूरी करता है। थाना प्रभारी ने कहा कि उक्त व्यक्ति के परिजनों को बुलाकर अच्छी तरह पूछताछ के उपरांत उनके हवाले कर दिया गया है।