शाम चार बजे तक प्रदेश में कुल 56.9 फीसदी मतदान हुआ।
सिरसा: कालांवाली गांव में ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण करीब सवा घंटे तक मतदान बाधित रहा। दूसरी मशीन मंगवाकर मतदान को शुरू करवाया गया।
करनाल: करनाल जिले में भी मतदाताओं की भीड़ पोलिंग बूथों पर उमड़ रही है। सीएम के गोद लिए गांव काछवा में चुनाव का उत्साह दिख रहा है। यहां के स्कूल में महिला मतदाताओं की लंबी लाइन देखने को मिली। जिले में अभी तक 4.7 प्रतिशत मतदान हुआ है। मुनक खंड में अब तक सबसे अधिक 9.8 प्रतिशत मतदान हुआ है।
कुरुक्षेत्र के उमरी गांव के प्राथमिक स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र 82 पर दिल्ली से पहुंचे टैक्सेशन अधिकारी राजेंद्र शर्मा का नाम वोटर लिस्ट में नहीं मिला और उन्हें बिना मतदान के ही बैरंग लौटना पड़ा। उधर, उमरी गांव में पोलिंग एजेंट से पर्ची लेकर बूथ पर मतदान करने पहुंची 60 वर्षीय प्रकाशो देवी मतदान नहीं कर सकीं। केंद्र पर अधिकारियों के पास मौजूद मतदाता सूची में उनका नाम नहीं मिला। इसके बाद उन्हें बूथ से लौटना पड़ा।