तालमेल कमेटी की नेता देवेंद्री शर्मा, शकुंतला, कृष्णा और पुष्पा दलाल ने बताया कि 8 दिसंबर से जारी आंदोलन के दौरान कई मांगें पूरी करवाई गई हैं। प्रधानमंत्री की 1500 व 750 रुपये मानदेय वृद्धि की घोषणा को लागू करवाने की मांग भविष्य में आंदोलन का हिस्सा रहेगी। सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व महासचिव सतीश सेठी ने आंगनबाड़ी कर्मियों को अभूतपूर्व आंदोलन के लिए बधाई दी है। उन्होंने सरकार से आंगनबाड़ी तालमेल कमेटी के साथ किए गए समझौते को बिना किसी देरी लागू करने की मांग की है।
रोडवेज कर्मचारी सात अप्रैल को काले झंडे लेकर करेंगे प्रदर्शन
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के बैनर तले सात अप्रैल को सभी डिपो में काले झंडे लेकर प्रदर्शन करेंगे। 28-29 मार्च की हड़ताल के बाद की गई कार्रवाई से रोडवेज कर्मचारियों में रोष है। मोर्चा ने फूट डालो, राज करो की नीतियों के खिलाफ व विभाग को निजीकरण से बचाने के लिए समस्त कर्मचारियों से भविष्य में भी एकजुट रहकर निर्णायक आंदोलन करने का आह्वान किया है।
मोर्चे के वरिष्ठ नेता दलबीर किरमारा, इंद्र सिंह बधाना, ओमप्रकाश ग्रेवाल, सरबत सिंह पूनिया, विरेंद्र सिंगरोहा, विनोद शर्मा, कृष्ण कादियान, रमेश श्योकंद, जयभगवान कादियान, जयबीर घणघस, दिनेश हुड्डा, सुरेंद्र सिंह, आजाद गिल, अमित महाराणा, प्रताप सिंह भनवाला व सुखविंदर बयाना ने कहा कि सरकार व उच्च अधिकारी, कर्मचारियों व कुछ महाप्रबंधकों को प्रताड़ित करने का प्रयास कर रहे हैं। हड़ताल न तुड़वा पाने वाले महाप्रबंधकों को चार्जशीट किया जा रहा है। एचईआरसी के महाप्रबंधक दीपक कुंडु के साथ ठेकेदार के दुर्व्यवहार करने के मामले पर सरकार चुप क्यों है। आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।