हरियाणा में नशे के जड़ से खात्मे के लिए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का गठन हो गया है। गृहमंत्री अनिल विज ने इस बात का एलान करते हुए बताया कि इसकी कमान जिम्मेदार ऑफिसर श्रीकांत जाधव को सौंपी गई है। श्रीकांत जाधव हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के चीफ होंगे।
अनिल विज ने बताया कि गृहमंत्री बनते वक्त ही उन्होंने नशाखोरी और नशा तस्करी को प्रदेश से खत्म करने की ठान ली थी। इसके खिलाफ ब्यूरो के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के लिए लगभग 325 पोस्ट सेंशन भी कर दी गई हैं। विज ने इस मामले में आज श्रीकांत जाधव के साथ बैठक की और उन्हें इस ब्यूरो के लिए आधुनिक संसाधन मुहैया करवाने की बात कही।
यह भी पढ़ें- इन एप से रहें सावधान! पुलिस को जारी करनी पड़ी एडवाइजरी, वरना बैंक खाता हो जाएगा खाली
अनिल विज का दावा है कि अब हरियाणा से नशे को जड़ से सफाया कर दिया जाएगा। मालूम हो कि सूबे में पंजाब के साथ लगते बार्डर क्षेत्र से नशे की खेप आनी शुरू हो गई है। पंजाब के बाद सरकार हरियाणा के युवाओं को नशे के शिकंजे में फंसता नहीं देखना चाहती। इसलिए सरकार ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का गठन किया है। श्रीकांत यादव को इस महकमे की कमान देने का मतलब है कि प्रदेश में नशे के खात्मे के लिए उन्हें रात दिन एक करना होगा।