हरियाणा के नए सीएम और राज्य मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 17 अक्तूबर को सुबह 10 बजे पंचकूला में होगा। सीएम के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रेय ने कहा कि समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, भाजपा शासित राज्यों के सीएम और हरियाणा से लाखों लोग आएंगे।
हरियाणा सरकार के गठन के लिए भाजपा ने 16 अक्तूबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में एक बार फिर विधायक दल के नेता के रूप में नायब सिंह सैनी के नाम पर मुहर लगेगी। बैठक में सैनी को विधायक दल का नेता चुनने के बाद वे राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर को सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। साथ ही उनके मंत्रियों को भी पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
इस बीच, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सभी 48 विधायकों को 16 व 17 को दोनों दिन चंडीगढ़ में रहने के लिए निर्देश दिए हैं। उनके ठहरने के लिए चंडीगढ़ स्थित एमएलए हाॅस्टल में व्यवस्था की जाएगी।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले रविवार को भी पूरा दिन पंचकूला में बैठकों का दौर जारी रहा। समारोह को भव्य और खास बनाने के लिए भाजपा के प्रदेशस्तरीय नेताओं की बैठकों में मंथन चलता रहा। चूंकि पीएम नरेंद्र मोदी खुद आ रहे हैं, ऐसे में प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रहा। पुलिस के आला अधिकारियों ने भी समारोह स्थल का दौरा किया है।
भाजपा शासित राज्यों के सीएम आएंगे
शपथ ग्रहण समारोह में असम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्री आएंगे। उनकी स्वीकृति आ चुकी है, जबकि कई अन्य को भी निमंत्रण भेजा गया है। केंद्रीय मंत्रियों का कार्यक्रम मंगलवार तक पहुंचेगा। मनोहर लाल, राव इंद्रजीत सिंह व कृष्ण पाल गुर्जर के शामिल होने की संभावना है।