हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ही ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। मैंने आज कोरोना पॉजिटिव टेस्ट किया है। विज ने लिखा कि ' आज मेरा कोरोना परीक्षण पॉजिटिव आया है। मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मैं उन सभी लोगों से अनुरोध करता हूं जो पिछले कुछ दिनों से मेरे संपर्क में आए हैं, वे अपना कोरोना टेस्ट कराएं और इस बीच खुद को आइसोलेट करें।
हरियाणा के सभी जिलों में कोरोना की दस्तक
हरियाणा में एक बार फिर से कोरोना संक्रमण ने सभी जिलों में दस्तक दे दी है। मंगलवार को प्रदेश में संक्रमण के 611 मामले मिले। दो माह के बाद यह पहली बार है कि सभी जिलों में संक्रमण के केस मिले हैं। इससे पहले, एनसीआर के जिलों के साथ-साथ 14 जिलों में ही कोरोना के नए मरीज सामने आ रहे थे। अब एनसीआर के गुरुग्राम व फरीदाबाद के बाद पंचकूला, करनाल, रोहतक और रेवाड़ी में केस बढ़ने लगे हैं।
प्रदेश में संक्रमण दर 5.66 प्रतिशत पहुंच गई है। प्रदेश में कुल एक्टिव केसों की संख्या 3034 हो गई है। इनमें से 2976 मरीज घरों में ही इलाज ले रहे हैं, जबकि शेष मरीज अस्पतालों में दाखिल हैं। नए केसों में गुरुग्राम में 389, फरीदाबाद 89, पंचकूला 43, करनाल में 16 नए संक्रमित मिले हैं। इनके साथ ही रोहतक 9, रेवाड़ी 8, हिसार, कैथल, पानीपत 5-5, यमुनानगर, सिरसा 4-4, सोनीपत, अंबाला 3-3, चरखी दादरी, फतेहाबाद, झज्जर, कुरुक्षेत्र, जींद में 2-2 व नूंह, महेंद्रगढ़ और पलवल में 1-1 मामले सामने आए हैं।