हरियाणा गोसेवा आयोग के शराब की प्रत्येक बोतल पर 2 रुपये गोसेवा टैक्स का प्रस्ताव प्रदेश के एक मंत्री जी को मंजूर नहीं है। ये मंत्री हैं हरियाणा के स्वास्थ्यमंत्री अनिल विज।
विज का कहना है कि शराब की बिक्री से जमा पैसे को गौ कल्याण के लिए लगाए जाने के विचार से वह खुश नहीं है। उनका कहना है कि लोग इस तरह की योजना को सकारात्मक तरीके से नहीं लेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि अभी प्रदेश सरकार ने इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। वैसे वे निजी तौर पर इस तरह के टैक्स का समर्थन नहीं करते।
इस योजना को लेकर पार्टी और सरकार के बीच चर्चा के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। भाजपा का एक गुट ये भी मानता है कि इस तरह की योजना को लागू कर दिया जाए तो लोग शराब के लिए प्रोत्साहित होंगे। लोग यही कहेंगे कि वे शराब पीकर गोसेवा में योगदान दे रहे हैं।