हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज आए दिन कोई न कोई बयान देते रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने अपनी जुबान खोली और बहुत कुछ कहा। उन्होंने इनेलो के विधायक अभय चौटाला के बयान कि वह समय दूर नहीं जब जजपा व भाजपा में विलय हो जाएगा पर तंज कसते हुए कहा कि चौटाला ने सारे काम छोड़ कर ज्योतिषी की दुकान खोली है क्या ? विज ने कहा कि उन्होंने कोई तोता रख लिया है क्या जो ऐसी बातें वह रोज ही बोलते हैं?
विज ने कहा कि कपिल सिब्बल कब क्या बोलते हैं उनका कुछ भी पता नहीं चलता, क्योंकि जब वे बतौर एक वकील बोलते हैं तब सीएए के हक में बोलते हैं। जब कांग्रेस नेता बोलते है तब वे इसके खिलाफ बोलते हैं। विज ने कांग्रेस नेता शशि थरूर द्वारा दिए गए बयान कि मोहम्मद अली जिन्ना पहले अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हुए थे लेकिन अब हो रहे हैं, इस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को हर चीज में जिन्ना नजर आते हैं। उनका अभी तक जिन्ना मोह खत्म नहीं हुआ है।
विज ने कहा कि अब सीएए जैसी राष्ट्रवादी नीति में भी इन्हें जिन्ना नजर आता है। पश्चिम बंगाल की विधानसभा में सीएए के विरोध में बिल पास करने को लेकर विज ने इसे असंवैधानिक बताया। उन्होंने कहा सीएए केंद्र द्वारा पारित बिल है। अभी तक राज्य सरकारों के पास यह हक नहीं है कि वह इसे पारित करने से रोक सके। विज ने कहा कि यह सब देश का माहौल बिगाड़ने और युवाओं को गुमराह करने के तरीके हैं।