हरियाणा सरकार गेस्ट टीचरों को नई भर्ती में छूट देगी। संभव है कि नई शिक्षा नीति गेस्ट टीचरों की समस्या के समाधान के साथ लागू हो। लिहाजा शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने गेस्ट अध्यापकों से बातचीत के लिए अपनी अध्यक्षता में निदेशक माध्यमिक शिक्षा एमएल कौशिक और निदेशक प्राथमिक शिक्षा आरएस खरब के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई है।
उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापकों को नई भर्ती में छूट, साक्षात्कार के अंकों में छूट, परीक्षा में अधिमान के अलावा उन्हें एक मर्सी (दया) मौका देने पर भी विचार किया जाएगा। नई शिक्षा नीति में अतिथि अध्यापकों के दस साल के अध्यापन से जुडे़ अनुभव को भी ध्यान में रखने पर विचार किया जाएगा।
शुक्रवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में रामबिलास ने महेंद्रगढ़ में आंदोलन कर रहे अतिथि अध्यापकों से आग्रह किया कि वे संवैधानिक तरीके से वार्ता के लिए आगे आएं। अतिथि अध्यापकों से राज्य सरकार की हमदर्दी है, लेकिन इस मसले का संवैधानिक तरीके से ही कोई हल निकाला जा सकता है।
उन्होंने अतिथि अध्यापकों से आग्रह करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ एक छोटी जगह है। वहां के लोगों के लिए समस्या खड़ी करना अतिथि अध्यापकों के लिए अशोभनीय है। बातचीत के रास्ते से ही लैब अटेंडेंट और कंप्यूटर अध्यापकों को राहत मिली है।
उनकी सरकार जनता की सरकार है और जनता द्वारा चुनी गई सरकार जनादेश को नजरअंदाज नहीं करेगी। कहा कि शिक्षकों के मुद्दे पर कुछ राजनैतिक दल व नेता अपनी राजनैतिक रोटियां सेंक रहे हैं। उधर, महेंद्रगढ़ में महापड़ाव के तीसरे दिन गेस्ट टीचरों ने योग दिवस को निंदा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। साथ ही फैसला लिया कि 21 जून को टेंट पर काले झंडे लगाकर प्रदर्शन करेंगे।
वहीं अतिथि अध्यापकों ने शिक्षामंत्री की ओर से कमेटी से मिलने का निमंत्रण भी ठुकरा दिया, उन्होंने कहा कि अब सिर्फ शिक्षामंत्री से ही बात होगी। वहीं नुक्कड़ सभाओं के लिए भी टीमों का गठन कर दिया है। प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शास्त्री ने कहा कि अतिथि अध्यापकों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उन्हें उनका हक नहीं मिल जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक दो दिन में बैकफुट पर आ जाएगी। उन्हें हौसले के साथ डटे रहना है, जीत उन्हीं की होगी। महापड़ाव पर बैठे गेस्ट टीचरों को विभिन्न सरकारी संगठनों के अलावा जेबीटी इंटर्न छात्रों के एक जत्थे ने भी समर्थन दिया। वहीं आमरण अनशन के लिए अब तक 4 लोगों ने अपने आवेदन कोर कमेटी को दिया है।