भाजपा के मुताबिक हरियाणा के 14 जिलों में करीब तीन लाख से अधिक बिहारी वोटर हैं। इनमें से अधिकांश एनसीआर जिलों में पड़ने वाली फैक्ट्रियों में काम करते हैं। इनमें जिन लोगों से भाजपा का संपर्क हो रहा है, उन्हें बिहार भेजने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पार्टी के एक नेता ने बताया, पार्टी के लोग इन फैक्ट्रियों में संपर्क कर मालिकों से वर्करों को पेड छुट्टी पर भेजने का भी अनुरोध किया जा रहा है। बिहार के लोगों को भेजने के लिए हरियाणा में विशेष बसें भी चलाई जा रही हैं। पिछले दिनों इस बारे में परिवहन मंत्री अनिल विज ने भी एलान किया था। वहीं, कुछ विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री दो दिन बिहार के दौरे पर रहेंगे
बिहार चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और उनकी कैबिनेट काफी सक्रिय है। दिवाली से पहले मुख्यमंत्री कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर चुके हैं और 29 व 30 को फिर से वह चुनावी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा वह छठ पूजन के कई कार्यक्रम में भी शामिल हुए। सीएम के अलावा कई मंत्री व कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। भाजपा के मुताबिक हरियाणा के चुनाव में भाजपा के 54 नेताओं व मंत्रियों को पहले से ही ड्यूटी पर तैनात किया जा चुका है। इनमें से केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुजर, हरियाणा सरकार के मंत्री विपुल गोयल, राव नरबीर सिंह, गौरव गौतम, कृष्ण कुमार बेदी, राजेश नागर, असीम गोयल, ओम प्रकाश यादव समेत कई नेता बिहार चुनाव में लगे हैं।